Friday, November 25, 2016

क्या 500 के नए नोट में है गड़बड़ी, मार्केट में आए दो तरह के नोट!

नई दिल्ली: आरबीआई की तरफ से जारी किए गए नए पांच सौ के नोट को लेकर लोगों में भ्रम पैदा हो गया है. कोई कह रहा है कि पांच सौ का नोट नकली है तो कोई कह रहा है कि इस नोट की छपाई गलत तरीके से की गई है.
सरकार ने पांच सौ के पुरान नोटों को बंद करने का फैसला किया. ताकि मार्केट में पहले से मौजूद नकली नोटों और काले धन पर रोक लग सके लेकिन अब पांच सौ के नए नोट में गड़बड़ी की खबरें सामने आ रही है.
क्या है पूरा मामला
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, पांच सौ के नए नोटों को लेकर तीन ऐसे मामले आए हैं, जिनमें पांच सौ रुपए के नए नोट एक दूसरे से अलग पाए गए हैं. एक नोट में गांधी जी के सिर के पीछे और चेहरे के आगे ज्यादा परछाई नज़र आती है तो दूसरे में कम. इसके अलावा राष्ट्रीय चिह्न के अलाइनमेंट और सीरियल नंबरों में भी गड़बड़ी पाई गई है.
घबराएं नहीं, RBI ने साफ की स्थिति
वहीं इस बारे में जब आरबीआई की प्रवक्ता अल्पाना किलावाला से पूछा गया तो उन्होंने स्थिति साफ की. उन्होंने बताया, ‘’ऐस लगता है कि जल्दबाजी के कारण वे नोट भी जारी हो गए हैं, जिनमें प्रिंटिंग की कुछ कमियां रह गई थीं. लेकिन लोग आराम से इन नोटों का लेन-देन कर सकते हैं. इतना ही नहीं अगर उनको ज्यादा गड़बड़ी लगती है तो वह यह नोट आरबीआई को लौटा भी सकते हैं.’’

बठिंडा में बोले मोदी, ‘नोटबंदी से काले कारोबार पर चोट और गरीबों को फायदा’

बठिंडा: पंजाब के बठिंडा में एम्स का शिलान्यास करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि नोटबंदी से काले कारोबार पर चोट पड़ी है. उन्होंने कहा कि काला कारोबार देश को दीमक की तरह खा रहा है. पीएम ने ये भी कहा कि इससे गरीबों को फायदा होगा.
पीएम मोदी ने भाषण की शुरूआत करते हुए कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हम करते हैं, उनका उद्घाटन भी हमारे ही कार्यकाल में ही होता है. उन्होंने कहा कि नए एम्स से इस इलाके के लोगों का भला होगा.
मोदी की पाकिस्तान को खरी-खरी
पीएम ने इस दौरान पाकिस्तान को भी खरी-खरी सुनाई. उन्होंने कहा कि जब हमारे सैनिकों ने सर्जिकल स्ट्राइक किया तो सीमा पार हड़कंप मच गया. अभी तक उनका मामला ठिकाना नहीं लग रहा है. मोदी ने कहा,  ‘’मैं पाकिस्तान की अवाम से बात करना चाहता हूं कि यह हिंदुस्तान है और यहां के सवा सौ करोड़ देशवासी हैं, पेशावर में जब बच्चों को मारा जाता है तो हिंदुस्तानी को भी दर्द होता है’’
भारतीय सेना की ताकत का परिचय करा दिया- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान गरीबी, आतंकवाद और भ्रष्टाचार से लड़ाई करे, भारत के साथ नहीं. उन्होंने इस दौरान भारतीय सेना की जमकर तारीफ की. मोदी ने कहा कि हमने भारतीय सेना की ताकत का परिचय करा दिया है.
पंजाब के किसान मिट्टी से सोना पैदा करते हैं- पीएम मोदी
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पंजाब के किसानों की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों को अगर पानी मिल जाए तो वह मिट्टी से भी सोना पैदा करके दिखा दें. उन्होंने कहा कि मेरे किसानों को सिंधु के पानी पर पूरा अधिकार है. मोदी ने कहा कि भारत के हक का पानी पाकिस्तान नहीं जाएगा.
इस दौरान पीएम ने पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान के किसानों से फसल को न जलाने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि किसान अपनी पराली न जलाएं, बल्कि खाद बनाकर खेतों में डालें. जिससे पर्यावरण को नुकसान न हो.
आपको बता दें कि अगले साल पंजाब में चुनाव हैं और ऐसे में पीएम के आज बयान के कई चुनावी मायने भी निकाले जाएंगे.

अगर आप अंग्रेजी मुख्य समाचार पड़ना चाहते है english news
Latest News से जुड़े हर ताज़ा अपडेट पाने के लिए Indias Hindi And English News के फ़ेसबुक पेज को लाइक करें

आज से बैंकों में नहीं बदले जाएंगे पुराने नोट, चलेंगे सिर्फ 500 के नोट

नई दिल्ली: सरकार के 500 और 1000 रूपये के नोटबंदी के फैसले का आज 17वां दिन है. इसके साथ ही आज से बैंकों में आप अपने पुराने 500 और 1000 के नोट अब नहीं बदल पाएंगे. बैंकों के जरिए 500 और 1000 रूपये के नोटों को बदलने की समयसीमा कल ही समाप्त हो गई है जिसके बाद अब आपने पुराने नोटों को एक्सचेंज नहीं करा पाएंगे. पीएम नरेन्द्र मोदी ने 8 नवंबर 2016 को बड़ा एलान करते हुए 500/1000 के पुराने नोटों पर पाबंदी लगा दी थी. जिसके बाद 9 नवंबर से ही बैंकों में 500/1000 की पुरानी करंसी बैंको में बदली, जमा और निकाली जा रही थी. लेकिन इसके साथ ही आज से नोटों को लेकर बहुत कुछ बदल भी रहा है.
अगर आप आज घर से पैसे निकालने बैंक या एटीएम के लिए निकलें तो इस खबर को ध्यान से देख लीजिए:
# आज से बैंकों और डाकघरों में 500 और 1000 के पुराने नोट नहीं बदले जाएंगे.
# पुराने नोट बैंकों में जमा करने की सुविधा जारी रहेगी.
# आज से एक हजार रुपये का नोट देश में कहीं भी इस्तेमाल नहीं होगा.
# 1 हजार का नोट अब सिर्फ बैंक में जमा कर पाएंगे.
# पेट्रोल पंप, रेलवे स्टेशन, सरकारी अस्पतालों, दवा की दुकानों पर 15 दिसंबर तक 500 के पुराने नोट चलेंगे.
# 500 रुपए के पुराने नोट से सहकारी स्टोर्स से आप 5000 रुपए तक की खरीदारी कर सकते हैं.
# आप सरकारी स्कूल, कॉलेज में 2000 रुपए तक की फीस में 500 रुपए के पुराने नोट दे सकते हैं.
# 500 के पुराने नोट से मोबाइल प्रीपेड रिचार्ज करा सकेंगे.
# देशभर के एक लाख दस हजार ATM 500 और 2 हजार के नए नोट निकलने लायक तैयार हो चुके हैं.
# देशभर के हाईवे टोल फ्री रखने की छूट को 2 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है.
# 2 दिसंबर के बाद 15 दिसंबर तक टोल नाकों पर 500 रुपए का पुराना नोट चलाया जा सकेगा.


अगर आप अंग्रेजी मुख्य समाचार पड़ना चाहते है english news
Latest News से जुड़े हर ताज़ा अपडेट पाने के लिए Indias Hindi And English News के फ़ेसबुक पेज को लाइक करें

Thursday, November 24, 2016

आखिरी सलाम: पाक फायरिंग में शहीद प्रभु, शशांक, मनोज का अंतिम संस्कार आज

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी गोलीबारी में शहीद हुए तीनों जवानों को आज नम आंखों से अंतिम विदाई दी जाएगी. तीनों जवानों के पार्थिव शरीर आज दोपहर तक उनके घर पहुंचेंगे और फिर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
25 साल के थे शहीद प्रभु सिंह
माछिल सेक्टर में शहीद हुए प्रभु सिंह सिर्फ 25 साल के थे. दो साल पहले ही शादी हुई और 10 महीने की मासूम बेटी पलक है. शहादत के एक दिन बाद ही यानी कल उनका जन्मदिन भी था, लेकिन खुशियों के बजाए परिवार में अब मातम है.
13 राजपूताना राइफल्स के राइफलमैन प्रभु सिंह के पिता, चाचा सब आर्मी में रह चुके हैं. प्रभु बचपन से सेना में जाना चाहते थे. प्रभु का सपना पूरा भी हुआ, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि इतनी कम उम्र में वो देश के लिए बलिदान दे देंगे.
राजस्थान में जोधपुर के शेरगढ़ में खीरजां गांव में रहने वाले प्रभु सिंह का पार्थिव शरीर आज दोपहर तक गांव में पहुंचेगा और फिर गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
19 राजपूताना राइफल्स के राइफलमैन थे शहीद शशांक कुमार
19 राजपूताना राइफल्स के राइफलमैन शशांक कुमार सिंह के घर भी आंसुओं का समंदर बह रहा है. यूपी के गाजीपुर में रहने वाले शशांक भी सिर्फ 25 साल के थे. तीन भाइयों में सबसे छोटे शशांक ने 2011 में सेना ज्वाइन किया था, एक बड़े भाई दो राजपूताना राइफल्स में ही हैं. अगले साल मई में शंशाक की शादी होनी थी, जिसके लिए खपरैल वाले घर को तोड़कर पक्का किया जा रहा था. लेकिन अब परिवार के सारे सपने बिखर गए हैं.
बेटी और एक बेटे को अपने पीछे छोड़ गए मनोज कुशवाहा
माछिल सेक्टर में ही शहीद हुए गनर मनोज कुशवाहा का घर भी गाजीपुर में ही है, बुद्दुपुर इलाके में उनके घर भी माता पिता पत्नी बहन भाई सब रो रहे हैं. मनोज का पार्थिव शरीर भी आज दोपहर तक घऱ पहुंचेगा. मनोज की छह साल बेटी और चार साल का बेटा भी है. मनोज की उम्र 31 साल थी.
मनोज कुशवाहा का अंतिम संस्कार आज सैनिक सम्मान के साथ किया जाएगा. 57 राष्ट्रीय राइफल्स के गनर मनोज कुशवाहा और शहीद शशांक सिंह के परिवारों को उत्तर प्रदेश सरकार ने 25-25 लाख रुपये की मदद का एलान भी किया है.

अगर आप अंग्रेजी मुख्य समाचार पड़ना चाहते है english news
Latest News से जुड़े हर ताज़ा अपडेट पाने के लिए Indias Hindi And English News के फ़ेसबुक पेज को लाइक करें

अपने नए आलीशान घर में शिफ्ट हुए तेलंगाना सीएम, ये है नए घर की खासियत

नई दिल्ली: तेलंगाना के सीएम का घर का पता बदल लिया है. सीएम के चंद्रशेखर हैदराबाद के बेगमपेट में अपने नए घर आज सुबह 5.30 बजे शिफ्ट हो गए. सीएम का नया घर ही उनका सरकारी आवास होगा.
सीएम का यह नया घर हाइटेक तकनीक से लैस है. लगभग एक लाख स्क्वायर फिट में फैले इस घर में सिक्योरिटी के पुख्ता इंतजामात किए गए हैं. यही नहीं बाथरूम और घर की खिड़कियों के कांच तक बुलेटप्रूट हैं.
आइए आपको बताते हैं कि तेलंगाना के सीएमे के नए घर में क्या-क्या खास है;
1. तेलंगाना के सीएम का नया घर हैदराबाद के बेगमपेट होगा. यह घर आलीशान तो है ही साथ ही साथ घर के बाथरूम और खिड़कियों के कांच तक बुलेट प्रूफ हैं. जिनकी कीमत लाखों में है.
2. यह घर एक लाख स्क्वायर फीट में फैला हुआ है. जिसे फेमस कंपनी शारपूजी पल्लोनजी ने बनाया है. इस घर की अनुमानित कीमत 50 करोड़ के आसपास बताई जा रही है.
3. जैसा कि यह घर सीएम का ऑफिशियल आवास होगा. इस बात को ध्यान में रखते हुए इसमें ऑफिस के लिए अलग-अलग कमरें बनाए गया है. साथ ही साथ इस घर में एक बड़ा कॉन्फ्रेंस हॉल भी है.
4. इतना ही नहीं इस आलीशान घर में एक थियेटर भी है, जिसकी क्षमता 250 लोगों की है.
5. सिर्फ अंदर ही नहीं, यह घर बाहर से भी आलीशान है. एक साथ इस घर के पार्किंगम में 300 गाड़ियां खड़ी की जा सकती हैं.
6. इस घर को बनाने में सिर्फ तकनीकी चीजों की ही ख्याल नहीं रखा गया है, बल्कि वास्तुशास्त्र की भी मदद ली गई है.
7. फिलहाल के चंद्रशेखर राव नए घर के पास ही रह रहे हैं. मौजूदा वक्त में सीएम जहां रह रहे हैं वह काफी छोटा घर है.
8. आपको बता दें कि तेलंगाना के सीएम ने अपने परिवार के लिए एक फार्म हाउस भी खरीदा है, जो हैदराबाद से 60 किलोमीटर की दूरी पर है.
9. खबरों की माने तो इस घर में कई ऑफिशियल सचिवालए भी बनाए जाएंगे, हालांकि अभी कंस्ट्रक्शन का काम रुका हुआ है.
10. देश में नोटबंदी के बाद जिस तरह के हालात हैं, उस बीच तेलंगाना के मुख्यमंत्री का नया आवास लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.

अगर आप अंग्रेजी मुख्य समाचार पड़ना चाहते है english news
Latest News से जुड़े हर ताज़ा अपडेट पाने के लिए Indias Hindi And English News के फ़ेसबुक पेज को लाइक करें

बेंगलुरु: 1.37 करोड़ कैश वाली वैन वसंत नगर में मिली, 92 लाख गायब

बेंगलुरु: : बेंगलुरू में कल दिन दहाड़े एक आउटसोर्सिंग एजेंसी का ड्राइवर 1.37 करोड़ कैश वाली वैन को लेकर फरार हो गया था. केजी रोड से 1.37 करोड़ के कैश वाली ये वैन पुलिस को वसंत नगर में मिली है.पुलिस ने वैन से 45 लाख ज़ब्त कर लिए हैं. वहीं करीब 92 लाख अब भी गायब हैं. बता दें कि एक आउटसोर्सिंग एजेंसी का एक ड्राइवर यहां बैंकों से 1.37 करोड़ रुपए से भरे एक कैश वैन के साथ फरार हो गया था.
आउटसोर्सिंग एजेंसी, लॉगीकैश की तरफ से काम पर रखा गया ड्राइवर डोमिनिक दोपहर को करीब डेढ़ बजे उस समय नकदी से भरे वैन को लेकर फरार हो गया था, जब दो अन्य कर्मचारी नकदी लेने के लिए एक बैंक में गए हुए थे.

अगर आप अंग्रेजी मुख्य समाचार पड़ना चाहते है english news
Latest News से जुड़े हर ताज़ा अपडेट पाने के लिए Indias Hindi And English News के फ़ेसबुक पेज को लाइक करें

एक लाख दस हजार एटीएम में हो गए बदलाव, अब नए नोट निकलेंगे

नई दिल्ली: नोटबंदी के 16वें दिन बैंकों और एटीएम पर लाइनें छोटी हुई हैं, साथ ही आपके लिए अच्छी खबर है कि देश के आधे से ज्यादा एटीएम ने काम करना शुरू कर दिया है यानि यहां से नए नोट निकलने शुरू हो गए हैं.
आरबीआई के मुताबिक अब तक एक लाख दस हजार एटीएम में बदलाव किए जा चुके हैं. यानि अब इन एटीएम से नए नोट निकलेंगे. इसका मतलब ये हुआ कि देश के आधे से ज्यादा एटीएम ने काम करना शुरू कर दिया है. देश में कुल करीब 2 लाख एटीएम हैं.
इससे पहले, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने कहा था कि उनके 57 फीसदी एटीएम ने काम करना शुरू कर दिया है. एसबीआई के पास देश के कुल एटीएम का एक चौथाई 49 हज़ार एटीएम है. अन्य मीडिया रिपोट्स में ये भी दावा किया गया है कि एसबीआई के 90 फीसदी एटीएम ने काम करना शुरू कर दिया है.
दरअसल, नए नोट के बाद एटीएम के सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर में कुछ बदवाल किए जाने थे. इंजीनियर बड़ी तेज़ी के साथ इस बदलाव को अंजाम दे रहे हैं. वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा था कि पूरे एटीएम के चालू होने में करीब दो से तीन हफ्ते का वक्त लग सकता है.


अगर आप अंग्रेजी मुख्य समाचार पड़ना चाहते है english news
Latest News से जुड़े हर ताज़ा अपडेट पाने के लिए Indias Hindi And English News के फ़ेसबुक पेज को लाइक करें